Bokaro : जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के राजाबेड़ा गांव में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. राजाबेड़ा रेलवे हाल्ट के समीप मुख्य सड़क किनारे रहने वाली 51 वर्षीय महिला सुरजी देवी की अज्ञात अपराधियों ने धारदार कुल्हाड़ी से मारकर निर्मम हत्या कर दी. शनिवार दोपहर गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित घनी झाड़ियों के बीच से महिला का खून लथपथ शव बरामद किया गया है.
गर्दन पर गहरे जख्म के निशान, परिजनों में मचा कोहराम
पजानकारी के अनुसार, मृतका सुरजी देवी (पति स्व. लालचंद हेम्ब्रम एवं जगू हेम्ब्रम की माता) शुक्रवार शाम से ही अचानक अपने घर से लापता थीं. देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार दोपहर को जब ग्रामीण घर से थोड़ी दूर झाड़ियों की तरफ गए, तो वहां सुरजी देवी का शव पड़ा देखा. घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मृतका के गर्दन पर किसी धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है.
पुलिस बल और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार और दुगदा थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने में लग गई है. शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वारदात की खबर सुनते ही भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी मौके पर जुट गए. घटनास्थल पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य नीतू सिंह, मुखिया वीणा देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि उदय कुमार, वार्ड सदस्य छूमा देवी, पूनम सोरेन, केदार महतो और महेश सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी विक्रम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला धारदार हथियार से की गई हत्या का प्रतीत होता है. पुलिस हर संभावित बिंदु पर बारीक नजर रखते हुए मामले की जांच कर रही है. परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
