Bokaro: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और बर्बरतापूर्ण हमले के विरोध तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के समर्थन में शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) बोकारो थर्मल शाखा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और स्थानीय झारखंड चौक पर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. पटाखे फोड़कर प्रदर्शनकारियों ने खुशी जाहिर की और इसे छात्रों की ऐतिहासिक जीत बताया. मौके पर नेताओं ने कहा कि यह जीत सही मायने में छात्रों की अभूतपूर्व एकता और देशव्यापी आंदोलन का परिणाम है. उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की शेष बची अन्य जायज मांगों को भी अविलंब स्वीकार करने की मांग दोहराई. प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार की वर्तमान शिक्षा नीति पर सवाल उठाए और बेकाबू दिल्ली पुलिस के दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की. साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे तथा मृत छात्रों के परिजनों को मुआवजा की मांग भी की. इस अवसर पर बेरमो अंचल मंत्री ब्रज किशोर सिंह, स्थानीय शाखा सचिव रामेश्वर साव, मो. शाहजहां, मुखिया विश्वनाथ महतो, जानकी महतो, नवीन पाठक, असीम तिवारी, अर्जुन राम, अलीमुद्दीन, रामचंद्र ठाकुर, सत्यजीत राय, रेवत लाल महतो, अमृत लाल महतो, पप्पू शर्मा सहित भाकपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: घुरती रथ यात्रा संपन्न: मौसीबाड़ी से अपने धाम पहुंचे महाप्रभु जगन्नाथ, जयकारों से गूंजी रांची
