Ranchi: नगर निगम क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं. वर्तमान में शहर के 25 केंद्रों पर प्रतिदिन लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं.
47 केंद्रों की मिली मंजूरी, 22 और जल्द खुलेंगे
नगर निगम के अनुसार, 15वें वित्त आयोग के तहत वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक कुल 47 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने की स्वीकृति मिली है. इनमें से 25 केंद्र पहले से संचालित हैं, जबकि शेष 22 केंद्रों को जल्द शुरू करने की तैयारी चल रही है. इनमें 10 केंद्रों के भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है, वहीं 12 नए केंद्रों के लिए स्थान का चयन किया जा चुका है.
इन सुविधाओं का मिलेगा मुफ्त लाभ
अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लोगों को पूरी तरह निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. यहां सामान्य बीमारियों का उपचार, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों की स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं.
ALSO READ: रांची: 50 हजार रिश्वत लेने के आरोपी शिक्षक जमानत के लिए मांगी केस डायरी, सुनवाई पांच को
नगर निगम की लोगों से अपील
रांची नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर टीकाकरण कराकर स्वयं तथा अपने परिवार को स्वस्थ और सुरक्षित रखें.
