Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में घंटाघर चौक के समीप मौन सत्याग्रह आयोजित किया गया. इसके बाद घंटाघर चौक से पोस्ट ऑफिस चौक तक कैंडल लेकर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित विजय मार्च निकाला गया.
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उठाई मांग
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाने की मांग की. कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक और अहिंसात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त की.
छात्रों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी प्रकार की परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से प्रभावित नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उन पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विरुद्ध है.
केंद्र सरकार से की ये मांगें
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा छात्रों की न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की.
राहुल गांधी के नेतृत्व का किया उल्लेख
जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि यह विजय मार्च देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के संघर्ष तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व को समर्पित है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी ताकत होती है और छात्रों-युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस आगे भी संघर्ष जारी रखेगी.
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी, प्रदेश सचिव मयाधर बेहरा, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, आरजीपीआरएस जिला संयोजक रितेश तामसोय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ALSO READ: चाईबासा: NEET पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में छात्रों की ‘अधिकार रैली’, SDO को राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
