Jamtara:नारायणपुर प्रखंड परिसर में 26 जुलाई को आयोजित होने वाले प्रखंड स्तरीय मेगा सशक्तीकरण शिविर की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रखंड विकास कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ कमलेश कुमार दास ने की. इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और प्रतिनिधि शामिल हुए.
शिविर के सफल आयोजन को लेकर दिए गए निर्देश
बैठक में अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया. डालसा के अधिकार मित्रों ने भी बैठक में उपस्थित होकर शिविर को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए. अधिकारियों ने तय किया कि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
निशुल्क सेवाओं और कानूनी सहायता पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेगा सशक्तीकरण शिविर में सरकारी योजनाओं के साथ-साथ निशुल्क सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. ग्रामीणों को कानूनी सहायता, उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी.
सिविल जज रहेंगे मुख्य अतिथि
जानकारी के अनुसार, शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मोहम्मद नईम अंसारी, सिविल जज सीनियर डिवीजन-प्रथम सह एसीजेएम सह वाणिज्यिक न्यायालय, जामताड़ा के शामिल होने की बात कही गई है.
ग्रामीणों को मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी
शिविर में जज के संबोधन के माध्यम से ग्रामीणों को सरल और बिना खर्च के न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया, कानूनी सहायता और डालसा की सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जेएसएलपीएस बीपीएम सूर्यदेव कुमार, स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम अखिलेश कुमार, महिला पर्यवेक्षक नियुती दास, पीएलवी प्रदीप रजक, विजय कुमार मंडल, शहादत अली, प्रखंड बड़ा बाबू वेदनाथ हंसदा, ई.ए. कुमार अनुराग, प्रशांत दुबे, बिक्की पांडेय, लाल मोहम्मद, गुड्डू कुमार, जेई वकील मरांडी, अनीता सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: घुरती रथ यात्रा संपन्न: मौसीबाड़ी से अपने धाम पहुंचे महाप्रभु जगन्नाथ, जयकारों से गूंजी रांची
