Chaibasa: किरीबुरू थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए प्रोस्पेक्टिंग निवासी अजंता कंडुलना (36) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई मेघाहातुबुरु के सेल कर्मी सचिन करण की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में की गई है. पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सारंडा सुवन छात्रावास के समीप रात के समय सचिन करण गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे. उन्हें इलाज के लिए इस्पात जनरल अस्पताल, राउरकेला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. शुरुआती तौर पर इसे स्वयं मोटरसाइकिल दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में मामला अलग निकला.
जांच में सामने आया टक्कर मारने का मामला
थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की गहन जांच की. जांच में पता चला कि सचिन करण की मोटरसाइकिल को अजंता कंडुलना द्वारा तेज और कथित लापरवाही से चलाई जा रही मोटरसाइकिल ने टक्कर मारी थी. पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद सचिन करण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए. आरोप है कि आरोपी ने उनकी मदद करने या अस्पताल पहुंचाने के बजाय घटनास्थल से फरार होना बेहतर समझा. बाद में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने लोगों से की अपील
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. थाना प्रभारी रोहित कुमार ने लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करें और पुलिस या एंबुलेंस को तुरंत सूचना दें. उन्होंने कहा कि “गुड समैरिटन” (नेक नागरिक) के रूप में घायल की मदद करने वालों को कानून संरक्षण प्रदान करता है.
