Palamu: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत भालोगाड़ी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान भालोगाड़ी गांव निवासी मनजीत साव के पुत्र लड्डू कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, लड्डू कुमार दोपहर करीब 2 बजे गांव स्थित मकई के खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई.
सुरक्षित स्थान पर जाने के दौरान वज्रपात की चपेट में आया
बताया जा रहा है कि बारिश से बचने के लिए लड्डू कुमार खेत से सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगा. इसी दौरान तेज कड़क के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में वह आ गया. वज्रपात लगते ही वह खेत में गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. हादसे की सूचना स्थानीय प्रशासन और तरहसी थाना पुलिस को दे दी गई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
READ ALSO: सिमडेगा: सरकारी मुआवजे की रकम हड़पने वाला गिरफ्तार, भेजा गया जेल
