Giridih: शहर के कालीबाड़ी मंदिर के समीप स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में सोमवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब ₹1.50 लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी मंदिर के पास मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले सूरज दास सोमवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर अपने नगीना सिंह रोड स्थित घर चले गए थे. मंगलवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर देखा कि दुकान से एक लैपटॉप और ग्राहकों की मरम्मत के लिए रखे गए आठ महंगे मोबाइल फोन चोरी हो चुके थे.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹1.50 लाख है. उन्होंने बताया कि यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है. घटना से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है. उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार और धार्मिक स्थल के पास हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है.
