Ranchi: झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत तैयार की जा रही एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची में 27 जुलाई तक 40,04,817 मतदाताओं के शामिल होने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गहरी चिंता जताई है. इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा.
40 लाख से अधिक मतदाता एएसडीडी सूची में, कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एएसडीडी सूची में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसमें ‘लापता (Absent)’ श्रेणी के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक चिंताजनक है. पार्टी के अनुसार रांची, हटिया, कांके, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर पश्चिम जैसे प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में इस श्रेणी के मतदाताओं की संख्या 75 हजार से 1.15 लाख के बीच है. कांग्रेस का कहना है कि जब राज्य में डिजिटाइजेशन का कार्य संतोषजनक ढंग से हो रहा है, तब इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का अनुपस्थित श्रेणी में आना कई सवाल खड़े करता है. कांग्रेस ने यह भी कहा कि देवघर और दुमका समेत आसपास के जिलों में बाबाधाम सावन मेला शुरू होने से आम लोगों और प्रशासनिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहेगा. ऐसे में मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.
BLO पर भी लगाए आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य के कई इलाकों से शिकायतें मिल रही हैं कि बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मतदाताओं से फॉर्म तो ले रहे हैं, लेकिन हस्ताक्षरयुक्त पावती रसीद नहीं दे रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बन रही है.
Read Also: चाईबासा: केरल कमाने निकला मजदूर नहीं लौटा, ट्रेन हादसे में मौत
समय सीमा बढ़ाने की मांग
कांग्रेस का कहना है कि एएसडीडी सूची का दायरा लगातार बढ़ रहा है और अभी तक अनमैपिंग सूची का प्रकाशन भी नहीं हुआ है. इससे आम मतदाताओं पर अनावश्यक दबाव पड़ रहा है. इन परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी ने इन्यूमरेशन फेज के साथ-साथ नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का आश्वासन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि 5 अगस्त 2026 के बाद 15 दिनों की अतिरिक्त समय-सीमा देने का प्रस्ताव केंद्रीय निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जा सके. इस प्रतिनिधिमंडल में महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल किशोर नाथ शाहदेव, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, सुनील सिंह और राजेश चंद्र राजू सहित अन्य कांग्रेस नेता भी शामिल थे.
