Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बेनीखुर्द (शंकर नगर) गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है.पहले पक्ष की ओर से देवन्ती देवी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट, गहने छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अमित चौहान ने भी मारपीट और पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. देवन्ती देवी ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि सोमवार सुबह वह अपने घर के पास झाड़ू लगा रही थीं. इसी दौरान संगीता देवी, रेखा देवी, अमित चौहान, बीर सिंह, उदय प्रताप चौहान समेत अन्य लोग सबल, डंडा, रामी के साथ पहुंचे और उन पर हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति बैजनाथ रजक और पुत्र के साथ भी मारपीट की गई.
पुलिस दोनों मामलों की कर रही है जांच
इस दौरान उनके नाक, कान व गर्दन के गहने छीन लिए गए तथा जातिसूचक शब्द कहकर जान से मारने की धमकी दी गई. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया. वहीं, दूसरे पक्ष के अमित चौहान ने अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वह सुबह करीब छह बजे खेत से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बैजनाथ रजक, रवी रजक, ओम शंकर रजक और देवन्ती देवी ने उन्हें घेरकर मारपीट की. उनका कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी संगीता देवी पर भी हमला किया गया, जिससे गंभीर चोट आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
