रांची स्मार्ट सिटी को 20 करोड़ मिला, अब स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिस्टम और कंट्रोल सेंटर की जिम्मेदारी राज्य सरकार पर

Ranchi: रांची स्मार्ट सिटी की जरूरी सेवाएं बिना रुकावट चलती रहें, इसके लिए झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. वित्तीय वर्ष...

Ranchi: रांची स्मार्ट सिटी की जरूरी सेवाएं बिना रुकावट चलती रहें, इसके लिए झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने 20 करोड़ जारी किए हैं. यह राशि स्मार्ट सिटी के रखरखाव और रोजमर्रा के संचालन पर खर्च होगी.

स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल और CCTV संचालन पर खर्च होंगे 2 करोड़

सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह पैसा तीन अहम कामों में लगाया जाएगा. सबसे पहले स्मार्ट सिटी क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरों के संचालन पर खर्च होगा. इसके लिए 2 करोड़ तय किए गए हैं, जिससे बिजली बिल और अन्य जरूरी खर्च पूरे किए जाएंगे.

इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मिले 8 करोड़, L&T को होगा भुगतान

इसके अलावा 8 करोड़ इंटीग्रेटेड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट परियोजना के लिए दिए गए हैं. यह राशि निर्माण एजेंसी लार्सन एंड टर्बो को जीएसटी बढ़ने से आई अतिरिक्त लागत के भुगतान के लिए दी जाएगी.

कमांड कंट्रोल सेंटर के लिए 10 करोड़, स्मार्ट निगरानी व्यवस्था रहेगी जारी

सबसे बड़ी राशि 10 करोड़ कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर के संचालन और रखरखाव के लिए मंजूर की गई है. इसी सेंटर से शहर की कई स्मार्ट सेवाओं, निगरानी व्यवस्था और तकनीकी सिस्टम पर नजर रखी जाती है. सरकार ने साफ किया है कि केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाला पहले का अनुदान खत्म होने के बाद अब इस सेंटर का खर्च राज्य सरकार खुद उठाएगी.

अब राज्य सरकार उठाएगी कमांड सेंटर का पूरा खर्च

सरकार ने यह भी तय किया है कि पूरी राशि सिर्फ तय किए गए कामों पर ही खर्च होगी. इसका उपयोग किसी प्रशासनिक या दूसरे उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकेगा. सभी भुगतान सामान्य वित्तीय नियमों के तहत किए जाएंगे और राशि सीधे रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड के खाते में भेजी जाएगी.

Also Read: झारखंड के शहरों को मिली 154 करोड़ की सौगात, सड़क से लेकर पार्क और जलापूर्ति तक के काम होंगे

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *