जामताड़ा: स्कूल के प्रधानाध्यापक पर 6 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, प्राथमिकी दर्ज, आरोपी फरार

Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जेरुआ के प्रधानाध्यापक मोला अंसारी पर पहली कक्षा में पढ़ने वाली...

Narayanpur Police Station
नारायणपुर थाना

Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जेरुआ के प्रधानाध्यापक मोला अंसारी पर पहली कक्षा में पढ़ने वाली छह वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता के पिता की शिकायत पर नारायणपुर थाना में कांड संख्या 128/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

बच्ची के साथ अशोभनीय हरकत करने का आरोप

पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, सोमवार को उनकी पुत्री रोज की तरह विद्यालय पढ़ने गई थी. आरोप है कि दोपहर में प्रधानाध्यापक ने सभी बच्चों की छुट्टी कर दी, लेकिन तीन छोटी बच्चियों को विद्यालय में ही रोक लिया. इसके बाद आरोपी कथित रूप से एक बच्ची को बहला-फुसलाकर ऊपर के कमरे में ले गया और उसके साथ अशोभनीय हरकत करने का प्रयास किया. बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर वहां से चला गया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है, कि आरोपी ने बच्ची को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. पिता द्वारा बताया गया कि घर लौटने पर बच्ची डरी-सहमी दिखाई दी. परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन तत्काल नारायणपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मुराद हसन के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है. पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए उसे सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा है. साथ ही मामले की सूचना बाल कल्याण समिति (CWC) को भी दे दी गई है. थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया, कि परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. दोषी पाए जाने पर उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: 29 जुलाई को होगी चक्रधरपुर नगर परिषद बोर्ड की बैठक, चार प्रमुख एजेंडों पर होगी चर्चा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *