Koderma: सतगावां थाना क्षेत्र के राजाबर पंचायत अंतर्गत ठेसवा गांव में बुधवार को कथित धर्म परिवर्तन से जुड़ी प्रार्थना सभा की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभा में शामिल दर्जनों महिला एवं पुरुषों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया. पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसमें कुछ लोग वहां से निकलने में सफल रहे जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि गांव के एक घर में बाहर से आए कुछ लोगों द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है.
पुलिस बल मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए सभा में मौजूद लोगों को में लिया हिरासत
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए सभा में मौजूद लोगों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के लिए सभी को थाना लाया गया है.कार्रवाई के दौरान बाहर से प्रार्थना सभा कराने आए लोगों के उपयोग में लाई जा रही एक चारपहिया वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया. वाहन के दस्तावेजों एवं उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष बबलू सिंह तथा जिला परिषद प्रतिनिधि धनंजय यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सालाना पूजा एवं शिवचर्चा का आयोजन चल रहा था.
मामले की जांच की जा रही है जांच के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक घर में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है, जिसके बारे में ग्रामीणों ने धर्म परिवर्तन कराने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी. थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. वहीं, हिरासत में लिए गए लोगों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : लातेहार: गुरु पूर्णिमा पर भक्ति में डूबा बालूमाथ का ओकेया गांव, मंत्रोच्चारण से गूंजा वातावरण
