Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने बुधवार को कटकमदाग थाना का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और थाना संचालन की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
लंबित मामलों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने थाना के विभिन्न पंजियों का अवलोकन करते हुए लंबित कांडों, वारंट, कुर्की, चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े मामलों की समीक्षा की तथा सभी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर
एसपी ने थाना क्षेत्र के सभी फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया. विशेष रूप से अवैध मादक पदार्थों से जुड़े लंबित मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और कार्रवाई को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया.
जनजागरूकता और समन्वय के निर्देश
उन्होंने नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
भू-माफियाओं पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान कटकमदाग थाना क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध दर्ज लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया.
संवेदनशील इलाकों में गश्त के निर्देश
इसके अलावा कटकमदाग थाना क्षेत्र के कोल साइडिंग, कोयला परिवहन मार्गों तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.
