Palamu: चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदूआ गांव में बुधवार शाम अपराधियों ने दो लोगों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि एक महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया. तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों की पहचान चैनपुर के गरदा गांव निवासी मकबूल मियां, सुलेमान मियां और शाहीना बीबी के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हमलावरों की पहचान में लगी है. घायलों के परिजनों ने तबरेज, अबरेज आलम, गोखुला मियां, आजाद मियां, क्यूम मियां, शेरू मियां, सोनू मियां, इमरान मियां समेत कई अन्य लोगों पर गोली चलाने, मारपीट करने और महिला पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है.
घायलों के परिजनों ने बताया कि घटना लड़की से छेड़छाड़ को लेकर हुई है. चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने इसकी पुष्टि की है.उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, डॉ. नीरा यादव ने किया विश्रामालय का उद्घाटन
