Ranchi: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 (SIR 2026) अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता सत्यापन का काम लगभग पूरा हो गया है. जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन अंतिम चरण में पहुंच गया है. जिला प्रशासन के अनुसार, तमाड़, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म का 100 प्रतिशत वितरण और संग्रहण पूरा हो चुका है. वहीं सिल्ली, खिजरी और रांची विधानसभा क्षेत्रों में भी यह काम लगभग 100 प्रतिशत पूरा हो गया है. इन सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी लगभग पूरी तरह पूरा कर लिया गया है.
विधानसभावार ASDD मतदाताओं की सूची भी तैयार
प्रशासन ने विधानसभावार ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) यानी अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी तैयार कर ली है. जारी आंकड़ों के अनुसार, रांची विधानसभा में सबसे अधिक 1,52,913 (38.73%) और हटिया विधानसभा में 1,84,726 (33.59%) मतदाता ASDD श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं. इसके अलावा कांके में 1,42,667 (28.38%), खिजरी में 89,256 (23.04%), मांडर में 63,743 (16.24%), तमाड़ में 32,071 (14.64%) और सिल्ली में 32,560 (14.26%) मतदाता इस श्रेणी में शामिल हैं.
जिला प्रशासन ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि आगामी चुनाव में सही और अद्यतन मतदाता सूची का उपयोग किया जा सके.
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में झारखंडी एकता समाज के स्थापना दिवस में शामिल हुए सुदेश महतो
