Ranchi: झारखंड में JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में भारी धांधली, पेपर लीक, ऐसे सभी मामलों की सीबीआई जांच, को लेकर झारखंड भाजपा के सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे का मौन उपवास रखा. इस दौरान आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड में छात्रों के साथ हुए अन्याय के साथ हर कदम पर पूरी मजबूती के साथ उनकी हर लड़ाई में साथ है. छात्रों के आंदोलन के समर्थन में शनिवार यानि 01 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में धरना कार्यक्रम की घोषणा की गई है. वहीं 31 जुलाई की शाम को इसी मुद्दे पर सभी 24 जिलों में मशाल जुलूस भी निकाला जाएगा.

कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल
साहू ने कहा कि जो कांग्रेस दिल्ली में प्रदर्शन करती है, वहीं झारखंड के मामले में उनका मुंह बंद हो जाता है. झारखंड के मामले पर कांग्रेसी किस बिल में घुस गए हैं, क्यों नहीं वे आवाज उठा रहे हैं ? एक ओर कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की बात करती है, तो दूसरी ओर झारखंड में हुए भर्ती घोटालों पर चुप्पी साध लेती है। उनकी यह दोहरी राजनीति नहीं चलेगी.विगत कई दिनों से छात्र झारखंड के सड़कों पर उतरकर अपने हक और अधिकार की आवाज बुलंद कर रहे हैं. दिन-रात धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. भारी बारिश में भी छात्र संसाधनों की भारी कमी के बीच लगातार डटे हुए हैं. JPSC, JSSC-CGL सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की सीबीआइ जांच करानी ही होगी. इस दौरान आदित्य साहू के अलावा सांसदों में बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जयसवाल, कालीचरण सिंह भी उपस्थित रहे.
ALSO READ: 4 अगस्त को दिशोम गुरु को राज्यभर से श्रद्धांजलि, नेमरा बनेगा मुख्य आयोजन का केंद्र
