News Wave Desk: असम के नगांव जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां कटीमारी स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कैंप में जवानों के बीच आपस में ही अंधाधुंध गोलीबारी हो गई. इस भीषण घटना में सीआरपीएफ के तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जवानों ने भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली.

कैसे घटी घटना?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना कटीमारी स्थित सीआरपीएफ कैंप की है. बताया जा रहा है कि कैंप के अंदर जवानों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया. इसके बाद दो जवानों ने अपनी सर्विस राइफल से कैंप में मौजूद अन्य साथियों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं. अचानक हुई इस फायरिंग से कैंप में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. जब तक अन्य जवान कुछ समझ पाते या बीच-बचाव कर पाते, तब तक गोली लगने से तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

वारदात के बाद आरोपी जवानों ने की खुदकुशी
साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी जवानों ने भी उसी जगह पर अपनी राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. वहीं इस घटना में एक अन्य जवान को भी कई गोलियां लगी हैं, जिसे बेहद नाजुक हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत कटीमारी कैंप पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पूरे कैंप परिसर को घेर लिया गया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है.


