NewsWave Desk: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा. बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और आवागमन की समस्या भी बढ़ गई.
ऑफिस जाने वालों की बढ़ी परेशानी
सुबह ऑफिस आवर्स के दौरान हुई बारिश से दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में लंबा जाम लगा. कई जगह सड़कों पर पानी भर गया और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं.

अभी तीन दिन और बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 8 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होती रहेगी. हालांकि, फिलहाल दिल्ली के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
स्काईमेट के मुताबिक, 7 से 9 अगस्त के बीच ओडिशा, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है. वहीं मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है.

