Koderma: कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड पर शुक्रवार दोपहर महेशपुर हॉल्ट के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान कैलाश पंडित (70 वर्ष), पिता स्व. लालो पंडित, निवासी तेतरयाडीह, थाना डोमचांच के रूप में हुई है.
साइकिल खड़ी कर पटरी पार करते समय हुआ हादसा
घटना के संबंध में गोतिया सुमित प्रजापति ने बताया कि कैलाश पंडित मानसिक रूप से अस्वस्थ थे. वे शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे साइकिल लेकर घर से निकले थे. महेशपुर हॉल्ट के पास उन्होंने साइकिल खड़ी कर रेल पटरी पार करने का प्रयास किया, इसी दौरान तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

परिजनों में मचा कोहराम, जांच जारी
घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

