Hazaribagh: बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर बीते 25 जुलाई की रात दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गोलीकांड में संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद पूछताछ के लिए देर रात हिरासत में लिए गए पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस के अनुसार, हथियार और बम की बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस जवान को धक्का देकर बरामद पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी.
25 जुलाई की रात दो हाईवा पर हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी. घटना के बाद बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी. घटना के दौरान गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह (K.S.S.) के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़े जाने की बात भी सामने आई थी. जांच के क्रम में पुलिस को अंकित कुमार पांडेय की संदिग्ध भूमिका की जानकारी मिली. इसके बाद उसे आवश्यक पूछताछ के लिए बड़कागांव थाना लाया गया.

मोबाइल जांच में सामने आया टेलीग्राम चैट
पूछताछ के दौरान पुलिस ने अंकित कुमार पांडेय के मोबाइल फोन की जांच की. पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में Telegram ऐप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह (K.S.S.) के सदस्यों के साथ चैट किए जाने की जानकारी मिली. पुलिस का दावा है कि आगे की पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हुई गोलीबारी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि प्रिंस खान के निर्देश पर उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था और K.S.S. के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़े थे.

बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाए थे हथियार और बम
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अंकित ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और बम को पिपराडीह गांव के समीप स्थित बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखा गया है. उसने पुलिस टीम को साथ चलकर उक्त सामान बरामद कराने की बात कही. इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर बीती रात पिपराडीह के समीप बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची. पुलिस के अनुसार, वहां हथियार और बम की बरामदगी की कार्रवाई चल रही थी.
अचानक पुलिस जवान को धक्का देकर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के दौरान अंकित कुमार पांडेय ने अचानक एक पुलिस जवान को धक्का दिया और बरामद देसी पिस्तौल अपने कब्जे में लेकर पुलिस बल की ओर निशाना साधते हुए फायर कर दिया. इसके बाद वह मौके से भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम ने अपना बचाव करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की. इस दौरान गोली अंकित कुमार पांडेय के पैर में लगी. गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस जवानों ने उसे पकड़ लिया.
सीएचसी से सदर अस्पताल किया गया रेफर
मुठभेड़ में घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़कागांव ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया.
मौके से हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार मौके से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, 7.62 एमएम की एक मिसफायर गोली, 7.62 एमएम की एक जिंदा गोली, एक देसी बम, चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए गए हैं. पुलिस अब बरामद हथियार, गोली, बम और पर्चों की जांच के साथ-साथ आरोपी के अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है. साथ ही Telegram पर हुई कथित चैट और गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह से उसके संपर्क के संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
25 जुलाई के गोलीकांड से लेकर बीती रात हुई पुलिस कार्रवाई तक के पूरे घटनाक्रम ने बड़कागांव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक गिरोहों की सक्रियता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी एवं जांच जारी है.
ALSO READ: चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्रामीणों की सूचना पर 60 मवेशी जब्त, दो पिकअप वैन छोड़कर भागे तस्कर

