Jamtara: सरकारी नाली पर अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने और वहां चारपहिया वाहन खड़ा करने की शिकायत पर जामताड़ा नगर पंचायत प्रशासन ने कार्रवाई की. नगर पंचायत की टीम बुलडोजर लेकर पुलिस बल के साथ रक्षा काली मंदिर के समीप मुख्य सड़क किनारे पहुंची और नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाकर स्थान को खाली कराया. इस संबंध में स्थानीय निवासी पाण्डव रजक ने नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत की थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नाली के ऊपर करीब 20 फीट लंबाई में ढलाई कर दी गई है, जिसके कारण वाहनों और राहगीरों के आवागमन में परेशानी हो रही थी. शिकायत में नाली में गंदगी जमा होने और जल निकासी प्रभावित होने की बात भी कही गई थी. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. नगर पंचायत की ओर से नाली की सफाई भी कराई गई.



