Bokaro: रविवार देर रात करीब 11 बजे चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब कांवड़ियों और थाना प्रभारी के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया. मामला हाथापाई तक पहुंच गई. इस घटना में थाना प्रभारी प्रकाश मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए. जिनका इलाज के एम मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है.
डीजे लगे ट्रक के कारण सड़क जाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांवड़िया दामोदर नदी से जल लेकर चीड़का धाम जा रहे थे. इस दौरान डीजे लगे ट्रक के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रकाश मंडल मौके पर पहुंचे और जाम हटाने के लिए डीजे वाहन के साथ चल रहे कांवड़ियों को समझाने लगे.
दोनों पक्षों के बीच हाथापाई
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. स्थिति अनियंत्रित होते ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इस घटना में थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के सर में गंभीर चोट लगी. सर से खून निकलने लगा. घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ALSO READ : जगन्नाथपुर मंदिर की बेरीकेडिंग पार करना चाह रहे छात्र, ड्रोन से रखी जा रही नजर
