News Wave Desk : आज की व्यस्त जिंदगी में माता-पिता काम और दूसरी जिम्मेदारियों में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताना मुश्किल हो जाता है. हालांकि, बच्चों के बेहतर भावनात्मक विकास और मजबूत पारिवारिक रिश्ते के लिए उनके साथ क्वालिटी टाइम बिताना बेहद जरूरी माना जाता है. क्वालिटी टाइम का मतलब सिर्फ बच्चों के साथ रहना नहीं, बल्कि उस दौरान उन्हें पूरा ध्यान और समय देना है.
बच्चों के साथ समय बिताने का आसान तरीका क्या है?
बच्चों के साथ समय बिताने का सबसे आसान तरीका है कि रोज कुछ समय मोबाइल, टीवी और अन्य गैजेट से दूरी बनाकर उनके साथ बातचीत की जाए. माता-पिता बच्चों से उनके स्कूल, दोस्तों, पढ़ाई और दिनभर की गतिविधियों के बारे में बात कर सकते हैं. इससे बच्चे अपनी भावनाएं आसानी से साझा करना सीखते हैं. इसके अलावा परिवार के साथ बैठकर खाना खाना, बच्चों के साथ खेलना, कहानी पढ़ना, पार्क में घूमने जाना या घर के छोटे-मोटे काम साथ करना भी क्वालिटी टाइम का अच्छा तरीका है. बच्चों की पसंद के खेल में शामिल होने से उन्हें यह महसूस होता है कि माता-पिता उनकी रुचियों को महत्व देते हैं.
रोज 20-30 मिनट बच्चों को दें
विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों के साथ बिताए गए समय में उनकी बात ध्यान से सुनना और उन्हें समझने की कोशिश करना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है. इसके लिए हमेशा लंबा समय निकालना जरूरी नहीं है. रोजाना 20 से 30 मिनट भी यदि माता-पिता पूरी तरह बच्चों को दें, तो इससे आपसी विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हो सकता है. महंगे खिलौने या बड़ी-बड़ी आउटिंग से ज्यादा जरूरी है बच्चों को माता-पिता का समय, प्यार और ध्यान देना. छोटी-छोटी गतिविधियों को परिवार की रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करके बच्चों के साथ खूबसूरत और यादगार पल बनाए जा सकते हैं.
Also Read : फाइलेरिया से बचाव जरूरी, मच्छर के काटने से फैलती है यह बीमारी
