Koderma: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह, झंडोत्तोलन, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साफ-सफाई, यातायात, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. मुख्य समारोह बागीटांड़ स्टेडियम, कोडरमा में आयोजित होगा. इसमें मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9.05 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा.
निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा झंडोत्तोलन
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर निर्धारित समय के अनुसार झंडोत्तोलन किया जाएगा. मुख्य समारोह स्थल पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों तथा उनके माता-पिता को सम्मानित करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. साथ ही संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक मुख्य समारोह स्थल तक लाने एवं वापस पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
13 अगस्त 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल
स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 11 एवं 12 अगस्त 2026 को बागीटांड़ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जबकि 13 अगस्त 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी. परेड स्थल के समतलीकरण, मैदान की साफ-सफाई, मोरम/स्टोन डस्ट की व्यवस्था, जलजमाव की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई तथा परेड में भाग लेने वाले जवानों के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. परेड में जिला बल के प्लाटून, होमगार्ड जवान एवं एनसीसी के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
बागीटांड़ स्टेडियम में आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ बैरिकेडिंग, मंच, पंडाल, बैठने एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. चिकित्सकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं सहित अन्य कर्मियों के बैठने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे. समारोह स्थल विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. नगर निकायों को प्रमुख चौक-चौराहों, कार्यक्रम स्थलों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
14 अगस्त की संध्या में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर झुमरी तिलैया स्थित शिव वाटिका में 14 अगस्त 2026 को संध्या 4:00 बजे से 7:00 बजे तक स्थानीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. बैठक में यातायात नियंत्रण, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, प्रभारी सामान्य शाखा विजय कुमार सोनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की समेत अन्य मौजूद रहे.
