Ranchi: रिम्स में आज दो अहम बदलाव हुए. रिम्स नर्सिंग कॉलेज को नई प्राचार्य मिली हैं, वहीं मनोरोग विभाग में एक नए विशेषज्ञ डॉक्टर ने सहायक प्राध्यापक के रूप में काम शुरू किया है. रिम्स प्रबंधन को उम्मीद है कि इन दोनों नियुक्तियों से पढ़ाई और मरीजों की सुविधाओं में सुधार होगा.

डॉ. शालिनी एस. बनीं नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य
रिम्स नर्सिंग कॉलेज की नई प्राचार्य के रूप में डॉ. शालिनी एस. की नियुक्ति हुई है. रिम्स निदेशक ने डीन, चिकित्सा अधीक्षक और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा. डॉ. शालिनी एस. अभी टाटा मेन हॉस्पिटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, जमशेदपुर में कार्यरत हैं. जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह जल्द रिम्स में योगदान देंगी. रिम्स निदेशक ने कहा कि स्थायी प्राचार्य मिलने से नर्सिंग कॉलेज की पढ़ाई और प्रशासनिक कामकाज को और बेहतर तरीके से चलाने में मदद मिलेगी. इससे नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर भी काम किया जा सकेगा.

मनोरोग विभाग में डॉ. विद्या ने संभाला पद
रिम्स के मनोरोग विभाग में डॉ. विद्या के.एल. ने सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान दिया है. डॉ. विद्या ने Geriatric Psychiatry (बुजुर्गों की मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं) में DM की विशेषज्ञता हासिल की है. मनोरोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अजय बाखला ने उनके योगदान पर खुशी जताई. उन्होंने बताया कि रिम्स में जल्द ही बुजुर्गों की मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेष OPD शुरू करने की तैयारी है. इस OPD में बुजुर्गों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह और इलाज मिल सकेगा.

