Ranchi: झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा के तीन बड़े नेता सोमवार को राज्यपाल से मिलने लोकभवन पहुंचे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने राज्यपाल से मुलाकात कर प्रदेश के मौजूदा हालात की जानकारी दी.

छात्रों के मुद्दे पर राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के सामने रांची में चल रहे छात्र आंदोलन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र पिछले 24 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. भाजपा नेताओं के अनुसार, आंदोलन कर रहे कुछ छात्र आमरण अनशन पर हैं और उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है.
यह भी पढ़ें: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में झारखंड को बड़ी जिम्मेदारी, डॉ. प्रदीप वर्मा बने राष्ट्रीय मंत्री
सरकार पर लगाया छात्रों को गुमराह करने का आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों से बातचीत के नाम पर उन्हें लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने और सरकार को छात्रों की जायज मांगों पर जल्द फैसला लेने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया.
राज्य के अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान छात्र आंदोलन के अलावा झारखंड की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक स्थिति से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी राज्यपाल को जानकारी दी गई. राज्यपाल ने भाजपा नेताओं को भरोसा दिलाया कि राज्य में चल रही सभी परिस्थितियों पर उनकी नजर है और वे पूरे मामले को गंभीरता से देख रहे हैं.

