Giridih: गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. रांची स्थित एचसीजी अब्दुल रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल के सहयोग से शहर के श्री साईं हॉस्पिटल में समर्पित कैंसर ओपीडी सेवा की शुरुआत की जा रही है. इस नई सुविधा का शुभारंभ शनिवार से होगा, जिससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए बड़े शहरों का बार-बार रुख नहीं करना पड़ेगा.
हर महीने दूसरे शनिवार को लगेगी ओपीडी
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को श्री साईं हॉस्पिटल में कैंसर विशेषज्ञों की ओपीडी आयोजित होगी. यहां मरीजों को कैंसर संबंधी जांच, परामर्श और उपचार से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. प्रेस वार्ता में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार, ब्रांडिंग एवं संचार प्रबंधक मनोरंजन कुमार राय तथा श्री साईं हॉस्पिटल के जनरल सर्जन डॉ. अरविंद कुमार मौजूद रहे.

ALSO READ : अंधविश्वास में प्रताड़ित अमित उरांव एवं परिजनों से मिले बंधु तिर्की
समय पर पहचान और उपचार पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि कैंसर के उपचार में समय पर पहचान और विशेषज्ञ सलाह बेहद महत्वपूर्ण होती है. छोटे शहरों के मरीजों को अक्सर विशेषज्ञ सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी हो जाती है. ऐसे में गिरिडीह में कैंसर विशेषज्ञ ओपीडी की शुरुआत एक महत्वपूर्ण पहल है.
मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे
उन्होंने बताया कि इस सुविधा से कैंसर की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार योजना और बेहतर रोग प्रबंधन संभव हो सकेगा. साथ ही मरीजों और उनके परिजनों का समय एवं आर्थिक बोझ भी कम होगा. स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध होने से कैंसर उपचार सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुलभ बनेगी. नई व्यवस्था को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से गिरिडीह और आसपास के कैंसर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें समय पर उपचार का लाभ मिल सकेगा.
ALSO RAED : जामताड़ा की धरती पर उगा ‘लाल सोना’, दुनिया का सबसे महंगा आम बना आकर्षण
