Hazaribagh: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सिरमा पंचायत में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. चोरका एवं पड़रिया गांव के बीच बड़की होरहोरी नदी पर बनने वाले उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ. मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बनने वाले इस पुल का विधिवत शिलान्यास बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी ने नारियल फोड़कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया. शिव मंदिर के समीप आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पुल निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से चोरका, पड़रिया सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी.

बरसात में नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी
विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में बड़की होरहोरी नदी को पार करना ग्रामीणों के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता था. पुल निर्माण के बाद लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं. क्षेत्र के हर गांव तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: नौकरी न मिलने पर शिक्षित युवक ने शुरू की बागवानी और पोल्ट्री फार्म, 4 लोगों को दिया रोजगार
समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई
अपने संबोधन में विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता निरंतर जारी रहेगी. जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
