Ranch : रांची में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से निकाली गई “महिला आक्रोश मशाल यात्रा” ने शहर की सियासत को गरमा दिया. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली इस यात्रा में महिलाओं का जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा. हाथों में मशाल और जुबां पर नारे “नारी सम्मान हमारा अधिकार” के साथ महिलाओं ने सड़कों पर ताकत दिखाई. महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ गुस्सा खुलकर सामने आया. पूरा माहौल नारों और जोश से गूंजता रहा.
यह भी पढ़ें : SIR को लेकर झामुमो प्रखंड समिति की हुई बैठक, राजमहल सांसद विजय हांसदा रहे मौजूद

महिला आरक्षण का विरोध मातृशक्ति के साथ अन्याय : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने साफ कहा कि महिलाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का विरोध कर मातृशक्ति के साथ अन्याय किया है. केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए बड़े फैसले ले रही है, लेकिन विपक्ष राजनीति के चलते इसमें बाधा डाल रहा है. उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई बताया. वहीं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि झारखंड की महिलाएं अब पूरी तरह जाग चुकी हैं और अपने हक के लिए हर स्तर पर लड़ने को तैयार है.

यह भी पढ़ें : पत्रकार की पिटाई पर मंत्री इरफान अंसारी का पलटवार, बोले- झूठ फैलाकर ध्यान भटका रही बीजेपी
