Ranchi: राजधानी के खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स निवासी रिटायर्ड कर्नल पीके सिंह ने पड़ोसी महिला से छेड़खानी और अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है. महिला ने आरोप लगाया है कि छेड़खानी का विरोध करने पर रिटायर्ड कर्नल ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला और उसके पति पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया . हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इस संबंध में खेलगांव थाना में महिला ने नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी हैः इधर घटना के बाद पुलिस ने दंपति को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.

पार्किंग एरिया में हुई घटना, महिला के साथ बदसलूकी का आरोप
प्राथमिकी में महिला ने बताया है कि घटना 22 मई की शाम करीब 7:30 बजे खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के सेक्टर-1, ब्लॉक-12 स्थित पार्किंग एरिया में हुई. पीड़िता नीतू सिंह अपने बेटे को साइकिल चलाने नीचे लेकर आई थीं. आरोप है कि ऊपर के फ्लैट में रहने वाले रिटायर्ड कर्नल पवन कुमार सिंह(पीके सिंह) अपने एक अज्ञात साथी के साथ पहुंचे और महिला से जबरन बात करने लगे. विरोध करने पर आरोपी ने महिला की बांह पकड़ ली और अश्लील हरकत की.
Read Also: गिरिडीह में 50 लाख की चांदी बरामद, दो गिरफ्तार
विरोध पर हमला, महिला और पति गंभीर रूप से घायल
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी और उसका साथी उग्र हो गए तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया. बचाव के दौरान महिला के हाथ में गंभीर चोट लगी. शोर सुनकर नीचे पहुंचे महिला के पति मनीष कुमार सिंह पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया.
इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजे गए घायल
इधर शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पीड़ित परिवार का आरोप है कि अगले दिन भी आरोपी ने उन्हें धमकी दी .खेलगांव थाना में कर्नल पवन कुमार सिंह और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
