बोकारो थर्मल में डीवीसी के रेलवे ट्रैक पर पांचवें दिन भी फंसी रही स्कार्पियो, मुआवजा विवाद में फंसा कोल रैक का परिचालन

Bermo : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट की रेलवे ट्रैक पर रविवार को कोयला रैक की चपेट में...

Bermo : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट की रेलवे ट्रैक पर रविवार को कोयला रैक की चपेट में आई स्कार्पियो गुरुवार को पांचवें दिन भी घटनास्थल पर ही पड़ी रही. रेलवे प्रशासन और डीवीसी प्रबंधन की तमाम कोशिशों के बावजूद इसे ट्रैक से हटाया नहीं जा सका है. गुरुवार को क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन के साथ डीवीसी के अधिकारी, इंजीनियर, आरपीएफ बरकाकाना के इंस्पेक्टर और गोमिया आरपीएफ के थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे थे, लेकिन करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिली और पूरी टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा. इस गतिरोध के कारण रेलवे का रैक और दो इंजन पिछले पांच दिनों से पावर प्लांट में ही फंसे हुए हैं, जिससे परिचालन पूरी तरह ठप है.

यह भी पढ़ें : जानें कैसे हुआ रांची में दो हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, दरोगा को पटका और छीन ली पिस्टल, एक और प्राथमिकी दर्ज

रेलवे और डीवीसी एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप

इस समस्या के समाधान के लिए वाहन मालिक अमरदीप द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर एक त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन किया गया था. वार्ता में रेलवे चंद्रपुरा के ट्रैफिक निरीक्षक संजीव कुमार, बरकाकाना आरपीएफ इंस्पेक्टर टीएस अहमद, गोमिया आरपीएफ थाना प्रभारी अजीत कुमार और स्टेशन मैनेजर शैलेश कुमार मौजूद थे. वहीं डीवीसी की ओर से डीजीएम अभिजीत दुले, वरीय प्रबंधक शशिशेखर, आदर्श मधुप, एचआर के वरीय प्रबंधक पार्थ सारथी मुखर्जी, प्रबंधक सुनील कुमार और सीआईएसएफ के निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून, अनि राजीव कर्ण शामिल हुए. वार्ता के दौरान रेलवे और आरपीएफ की टीम ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह से डीवीसी प्रबंधन के कार्यक्षेत्र का है, इसलिए मुआवजे की जिम्मेदारी भी डीवीसी की ही बनती है. दूसरी ओर, डीवीसी प्रबंधन ने रेलवे के तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि दुर्घटना रेलवे इंजन और रेलवे चालक की लापरवाही से हुई है, अतः मुआवजा रेलवे को ही देना चाहिए. डीवीसी अधिकारियों ने सवाल उठाया कि यदि रेलवे अपने चालक को दोषी नहीं मानता, तो फिर दो चालकों को निलंबित क्यों किया गया. मुआवजे को लेकर डीवीसी और रेलवे के बीच जारी इस आरोप-प्रत्यारोप के कारण वार्ता बेनतीजा रही.

यह भी पढ़ें : झारखंड में अगले दो सप्ताह मौसम का बदलेगा मिजाज, पहले हफ्ते बारिश-आंधी, दूसरे हफ्ते बढ़ेगी गर्मी

शुक्रवार को मुआवजा की मांग को लेकर पावर प्लांट का गेट जाम

इधर, मुआवजा नहीं मिलने से नाराज वाहन मालिक के समर्थन में उतरे कांग्रेस नेता प्रमोद सिंह और गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने घोषणा की है कि शुक्रवार को मुआवजे की मांग को लेकर डीवीसी पावर प्लांट के मुख्य द्वार पर जाम कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *