हजारीबाग: करसो पुल हत्याकांड का खुलासा: दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, कई लूट-चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकारा

Hazaribagh : जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप हुए मंगलवार रात को घटित चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने...

Hazaribagh : जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप हुए मंगलवार रात को घटित चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जिन्होंने पूछताछ के दौरान हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. साथ ही पूर्व में हुई कई लूट, चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल होने की बात कबूल की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी विश्लेषण एवं गहन जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई.

8 जून को हुई थी युवक की हत्या

8 जून 2026 की रात हजारीबाग निवासी विक्की कुमार सोनी अपने एक दोस्त के साथ कार से कोडरमा जा रहे थे. इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक विक्की कुमार सोनी हजारीबाग शहर के ओकनी मोहल्ले के निवासी थे.

बिहार के दो अपराधी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के नवादा जिले के निवासी विक्रम कुमार (25 वर्ष) और गया जिले के निवासी दिलीप कुमार (25 वर्ष) शामिल हैं. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है.

पुलिस ने बरामद किए महत्वपूर्ण साक्ष्य

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं. बरामद सामग्री मे दो मोबाइल फोन हुंडई कंपनी की ग्रे रंग की कार (संख्या JH02AE-0232) शामिल है. पुलिस ने मृतक की यात्रा में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

अपराधियों का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, चोरी, ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं. दिलीप कुमार के विरुद्ध वजीरगंज थाना कांड संख्या 412/21, बिहार उत्पाद प्रतिषेध अधिनियम के तहत, वजीरगंज थाना कांड संख्या 350/23, धारा 341, 324, 326, 307, 34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. वही विक्रम कुमार के विरुद्ध नारदीगंज थाना कांड संख्या 85/23, धारा 341, 323, 324, 325, 504, 34 भादवि, नारदीगंज थाना कांड संख्या 199/23, धारा 147, 148, 341, 323, 324, 325, 307, 504, 506 भादवि दर्ज है.

छापेमारी टीम की रही अहम भूमिका

इस मामले के खुलासे में बरही पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. छापेमारी दल में राधाप्रेम किशोर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही बिनोद कुमार, थाना प्रभारी, बरही शमशेर बहादुर सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राजबल्लभ यादव, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश भोक्ता, पुलिस अवर निरीक्षक बरही थाना सशस्त्र बल तकनीकी शाखा, हजारीबाग शामिल थे.

पुलिस कर रही है आगे की जांच

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है. संभावना है कि इनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े कई अहम खुलासे आगे हो सकते हैं. पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

Also Read : सरस्वती मंदिर में आर्ट ऑफ लिविंग का पांच दिवसीय हैप्पीनेस कोर्स संपन्न

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *