Giridih : बगोदर थाना क्षेत्र के पोचरी गांव निवासी मिथुन मंडल की एक हादसे में मौत पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर हो गयी. गुजरात से घर लौट रहे मिथुन मंडल ट्रेन से उतरने के दौरान असंतुलित होकर स्टेशन पर ही गिर पड़े. गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं. हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, मिथुन मंडल लंबे समय से गुजरात में नौकरी कर रहे थे. वे ट्रांसमिशन लाइन से जुड़े कार्यों में लगी स्टार लाइट कंपनी में सीनियर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे. अपने व्यवहार, कार्यकुशलता और मेहनत के कारण वे कंपनी में एक जिम्मेदार कर्मचारी के रूप में जाने जाते थे. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मिथुन ही निभाते थे.

छुट्टी पर लौट रहे थे मिथुन
बताया जाता है कि मिथुन मंडल कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गांव पोचरी लौट रहे थे. इसके लिए उन्होंने भुसावल से मुंबई हावड़ा मेल ट्रेन पकड़ी थी. लेकिन घर पहुंचने से पहले ही मिथुन की मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची. जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी.
सदमे में परिवार
घटना की जानकारी मिलने के बाद मिथुन के माता पिता सदमे में है. ग्रामीणों ने बताया कि मिथुन स्वभाव से बेहद मिलनसार और सरल व्यक्ति था.
ALSO READ : चतरा: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, गिद्धौर से 9 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
