Koderma : मरकच्चो थाना क्षेत्र में एक युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में युवती के पिता, मुरकमनाय पंचायत के बेला गांव निवासी मो. कुर्बान ने शुक्रवार को मरकच्चो थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. दिए गए आवेदन में मो. कुर्बान ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी पुत्री के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उस पर आपत्तिजनक और अशोभनीय पोस्ट किए जा रहे हैं.
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से बदनाम की जा रही युवती
इससे न केवल उनकी पुत्री की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि पूरे परिवार की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंच रही है. लगातार हो रही इस हरकत से युवती मानसिक तनाव का सामना कर रही है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसके संबंध में 17 जनवरी 2026 को मरकच्चो थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत के बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा, लेकिन पिछले दो सप्ताह से फिर से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट किए जा रहे हैं. मो. कुर्बान ने यह भी बताया कि जब भी वे अपनी पुत्री के विवाह के लिए किसी परिवार से बातचीत करते हैं, तब संबंधित लोगों तक फर्जी पोस्ट पहुंचा दिए जाते हैं. इसके कारण कई बार विवाह संबंध टूट चुके हैं, जिससे परिवार को सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पीड़ित पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी की पहचान करने तथा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है.
Also Read : बीएसई के सीईओ ने वेदांता की ऐतिहासिक लिस्टिंग की सराहना की, ‘समुद्र मंथन’ से की इसकी तुलना



