जेपीएससी परीक्षा पर प्रशासन सख्त, उपायुक्त ने किया केंद्रों का निरीक्षण, निष्पक्षता पर दिया विशेष जोर

  Giridih: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा 2025 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन...

 

Giridih: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा 2025 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सुरक्षा, गोपनीयता और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने एचई उच्च विद्यालय, जेसी बोस स्कूल, गिरिडीह कॉलेज और बीएनएस डीएवी स्कूल समेत प्रमुख केंद्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और प्रश्न पत्रों की गोपनीयता की समीक्षा की.

उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो. केंद्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

43 केंद्रों पर 15,655 अभ्यर्थी, कड़ी निगरानी में परीक्षा

जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 15,655 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनके लिए 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस बल और पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे. साथ ही जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे.

ALSO READ: अनियंत्रित पिकअप वैन खेत में पलटी, बड़ा हादसा टला, चालक बाल-बाल बचा

सीसीटीवी निगरानी और सघन जांच के बीच परीक्षा संपन्न

उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और समय पर केंद्र पहुंचने व नियमों का पालन करने की अपील की. परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और प्रवेश द्वार पर सघन जांच की व्यवस्था रही. मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया. प्रशासन की सख्ती के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होती नजर आई.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *