Ranchi: रांची में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं. मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई, जिसमें भर्ती रैली के सफल आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को जरूरी तैयारियां समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए.
करीब 12 से 13 दिनों तक अग्निवीर भर्ती रैली
बैठक में सेना के अधिकारी एम.के. शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी और करीब 12 से 13 दिनों तक चलेगी. उन्होंने जिला प्रशासन से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का अनुरोध किया. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी भर्ती रैली का आयोजन पूरी गुणवत्ता और बेहतर व्यवस्था के साथ किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
मेडिकल सुविधा पर रहेगा विशेष ध्यान
उपायुक्त ने भर्ती स्थल पर पर्याप्त मेडिकल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके तहत एम्बुलेंस, डॉक्टरों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम और इमरजेंसी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि दौड़ या अन्य गतिविधियों के दौरान किसी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत इलाज किया जा सके.
रात 12 बजे से होगी एंट्री, सभी जरूरी सुविधाओं की होगी व्यवस्था
सेना अधिकारियों ने बताया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया रात 12 बजे से शुरू होगी. इसे देखते हुए उपायुक्त ने भर्ती स्थल पर पर्याप्त लाइटिंग, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा, मौसम को देखते हुए वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, रेस्ट एरिया, बैरिकेडिंग, कार्पेट, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने को कहा गया. अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल शौचालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, नियमित कचरा निष्पादन तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
सुरक्षा व्यवस्था होगी कड़ी
भर्ती स्थल और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए. वहीं रांची नगर निगम समेत संबंधित विभागों को टेंट, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, फूड एंड बेवरेज तथा साफ-सफाई की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया.
यह भी पढ़ें: बोकारो: मेधावी छात्र की उच्च शिक्षा का रास्ता आसान, DC ने शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
