Bundu: टोल प्लाजा में नई प्रबंधन कंपनी द्वारा स्थानीय वाहनों से टोल वसूली और पूर्व समझौतों के उल्लंघन के विरोध में गुरुवार को आजसू पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी के रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल टोल प्लाजा पहुंचा और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई. प्रदर्शन में नव चालक संघ के साथ-साथ बुंडू, तमाड़, सोनाहातू, राहे एवं अड़की क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने टोल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्थानीय लोगों को दी जा रही सुविधाओं में कटौती पर कड़ा विरोध दर्ज कराया.

पुराने समझौते तोड़ने का आरोप
आजसू नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में हुए समझौते के तहत स्थानीय निजी वाहनों को टोल फ्री सुविधा दी गई थी, लेकिन नई प्रबंधन कंपनी अब केवल एक माह का पास जारी कर रही है. इसके कारण स्थानीय वाहन मालिकों को हर महीने नया पास बनवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानीय लोगों से मासिक शुल्क की मांग की जा रही है, जिससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
इन मांगों को लेकर हुई वार्ता
प्रदर्शन के दौरान आजसू नेताओं ने टोल प्रबंधन के साथ वार्ता कर कई मांगें रखीं. इसमें बुंडू, तमाड़, सोनाहातू, राहे एवं अड़की के निजी वाहनों के लिए एक वर्ष का जीरो बैलेंस पास जारी करने, व्यावसायिक वाहनों से पूर्व निर्धारित दर पर ही टोल वसूली करने तथा कर्मचारियों को पहले की तरह पीएफ, ईएसआई और चार दिन का मासिक अवकाश देने की मांग शामिल थी. वार्ता के दौरान कंपनी के जीएम ने मांगों को उचित बताते हुए पूर्व व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया.
एनएचएआई और प्रशासन को दी गई जानकारी
मामले की जानकारी एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं बुंडू एसडीओ को भी दी गई है. आजसू नेता राजकिशोर कुशवाहा ने कहा कि यदि स्थानीय लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी. उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लोगों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: ए के सिंह कॉलेज जपला में ऐड ऑन कोर्स के सफल विद्यार्थियों को दिया गया प्रमाण पत्र
