Ranchi: आजसू छात्र संघ की रांची विश्वविद्यालय इकाई ने विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश जताया है. छात्र संघ का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से स्नातक सत्र लगातार लेट चल रहा है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. छात्र नेताओं के अनुसार, सत्र में देरी के कारण समय पर परीक्षा, परिणाम और आगे की पढ़ाई में छात्रों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिसे छात्र संघ ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया.
यह भी पढ़ें : जेपीएससी की ब्लंडर परीक्षा: 100 से अधिक गलतियां, महापुरुषों के नाम गलत, मरांडी बोले- सीटों का सौदा कर चुकी है सरकार
सेशन लेट होने से छात्रों की बढ़ी परेशानी
संघ ने यह भी कहा कि पीजी सत्र 2025–27 का नामांकन अब तक शुरू नहीं होना बेहद चिंताजनक है. राज्य के सबसे बड़े विश्वविद्यालय में अब तक एक भी छात्र का नामांकन नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है. आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलपति और डीएसडब्ल्यू से मांग की है कि स्नातक सत्र को जल्द नियमित किया जाए तथा पीजी नामांकन प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाए. छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो सहित छात्र नेता अमन साहू, राज मजूमदार, योगेश महतो, यश सोनी और आशीष कुमार मौजूद थे.
यह भी पढ़ें : झारखंड में एमबीए का नया सिलेबस: मंत्री, बिचौलिया और अधिकारी की सीसी वाली क्लास!
