रांची: रांची में हर साल बरसात के दौरान होने वाले जल-जमाव को लेकर इस बार नगर निगम पहले से ही सतर्क हो गया है. आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिया कि इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नगर आयुक्त ने कहा कि पिछले सालों में जल-जमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई थी. सड़कें डूब जाती थीं, ट्रैफिक जाम हो जाता था और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता था, इसलिए इस बार बारिश शुरू होने से पहले ही सभी तैयारियां पूरी करने का आदेश दिया गया है.
नालों की सफाई और मरम्मत के निर्देश
निगम ने सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई तेज करने का निर्देश दिया है, ताकि पानी आसानी से निकल सके. जहां नालियां टूटी या जाम हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाएगा. जिन इलाकों में जरूरत है, वहां नई नालियां भी बनाई जाएंगी. शहर के कई वार्डों में नाली निर्माण और सुधार का काम शुरू कर दिया गया है, खासकर उन जगहों पर जहां हर साल पानी भरता है. साथ ही ऐसे इलाकों की पहचान की जा रही है, जहां ज्यादा जल-जमाव होता है, ताकि वहां खास योजना बनाकर समस्या को खत्म किया जा सके.

आपात स्थिति के लिए मशीनों को तैयार रखने का निर्देश
नगर निगम ने यह भी साफ किया है कि जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाया जाएगा. इसके लिए कार्रवाई भी की जाएगी. आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम ने पंप, जेसीबी और अन्य मशीनों को तैयार रखने का निर्देश दिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत पानी निकाला जा सके. नगर आयुक्त ने कहा कि काम की नियमित निगरानी होगी और कहीं भी लापरवाही मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि नालियों में कचरा न डालें और कहीं भी अतिक्रमण न करें, क्योंकि इससे ही जल-जमाव की समस्या बढ़ती है. किसी भी परेशानी पर लोग हेल्पलाइन नंबर 18005701235 या स्मार्ट रांची ऐप के जरिए शिकायत कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: महिला पुलिसकर्मियों की सेहत का ‘कवच’ बना इप्सोवा, रांची में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन


