Ranchi: झारखंड के हरे-भरे जंगलों पर इस समय भीषण आग (फॉरेस्ट फायर) का बड़ा खतरा मंडरा रहा है. सुलगते मौसम और भीषण गर्मी के बीच आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड ने राज्यवासियों के लिए एक अहम चेतावनी जारी की है.

विभाग के मुताबिक अगले 7 दिन राज्य के वन क्षेत्रों के लिए बेहद संवेदनशील हैं, जहां कभी भी भीषण आग लग सकती है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि सावधानी ही सुरक्षा है और अगले एक सप्ताह तक जंगलों की ओर जाने से बचें.
वन क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह
आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि अगले 7 दिनों तक किसी भी अनावश्यक काम, पिकनिक या लकड़ी चुनने के लिए जंगलों के भीतर न जाएं. विभाग ने चेतावनी दी है कि एक छोटी सी लापरवाही पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचा सकती है.
जलती बीड़ी-सिगरेट फेंकने से बचें
विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल के रास्तों से गुजरते समय जलती हुई बीड़ी, सिगरेट, माचिस या कोई भी ज्वलनशील पदार्थ खुले में न फेंकें. अत्यधिक गर्मी और सूखे मौसम के कारण जंगलों में आग तेजी से फैल सकती है.
ALSO READ: भीषण गर्मी में बिजली-पानी संकट पर सक्रिय हुए विधायक, DC संग समाधान पर बनी रणनीति
धुआं या आग दिखे तो तुरंत दें सूचना
आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि यदि किसी भी वन क्षेत्र में धुआं या आग की लपटें दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन, वन विभाग या आपदा प्रबंधन टीम को दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके.
