Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (झारखंड प्रभारी) नितिन नवीन के दो दिवसीय रांची प्रवास को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. छह जून (कल यानि शनिवार) से शुरू हो रहे इस अहम दौरे के लिए प्रदेश भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. वहीं राज्यसभा चुनाव में नामांकन की अंतिम तिथि आठ जून बेहद करीब है, ऐसे में कयासों के बाजार के बीच पुख्ता सूत्र संकेत दे रहे हैं कि कांग्रेस से भाजपा में आए तेजतर्रार अर्थशास्त्री गौरव वल्लभ झारखंड से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं. सूचना है कि उनके नाम पर शीर्ष नेतृत्व में सहमति बन चुकी है और किसी भी क्षण इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है.

एक तीन से कई निशाने साधने की तैयारी में भाजपा
नितिन नवीन के इस दो दिवसीय दौरे में जहां प्रदेश भाजपा नए तेवर के साथ चुनावी मोड में आएगी, वहीं गौरव वल्लभ के नाम पर मुहर लगाकर पार्टी एक तीर से कई निशाने साधने की तैयारी में है. रणनीतिकारों का मानना है कि वल्लभ को उच्च सदन भेजकर भाजपा न केवल एक प्रखर वक्ता को संसद में जगह देगी, बल्कि झारखंड को एक बौद्धिक चेहरा भी सौंपेगी.
जमीनी हार से आर्थिक सलाहकार तक का सफर
गौरव वल्लभ का झारखंड से पुराना और गहरा नाता रहा है. वे महज एक बाहरी चेहरा नहीं हैं, बल्कि उनके प्रोफाइल में झारखंड के कई सियासी और अकादमिक पन्ने जुड़े हैं. गौरव वल्लभ इससे पहले जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं. उस ऐतिहासिक त्रिकोणीय मुकाबले में जहां सरयू राय ने तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को मात दी थी, वहीं वल्लभ तीसरे स्थान पर रहे थे. बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए. राजस्थान के जोधपुर में जन्मे वल्लभ का रांची से गहरा अकादमिक नाता रहा है.
यह भी पढ़ें: बिना नोटिस हटा दी गई थी पारा शिक्षिका, हाईकोर्ट ने दिया बहाली का आदेश
