पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की कोशिश और जातिसूचक गाली देने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

Balumath: बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के चंदली गांव निवासी बलिंदर मुंडा ने अपनी पुश्तैनी रैयती जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश, जातिसूचक...

Balumath: बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के चंदली गांव निवासी बलिंदर मुंडा ने अपनी पुश्तैनी रैयती जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एससी/एसटी थाना लातेहार में लिखित शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है. दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम चंदली स्थित खाता संख्या 36, प्लॉट संख्या 419, रकबा 1.66 एकड़ भूमि उनके दादा स्वर्गीय मंगरा मुंडा के नाम दर्ज है तथा वह वर्षों से उक्त भूमि पर खेती-बाड़ी एवं कब्जा-दखल करते आ रहे हैं. शिकायतकर्ता का कहना है कि 9 जून 2026 को जब वह अपने भाइयों एवं चाचा के साथ उक्त भूमि की जुताई करवा रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग लाठी-डंडे से लैस होकर वहां पहुंचे और जमीन पर अपना दावा जताते हुए विरोध शुरू कर दिया.

गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

आरोप है कि विरोध करने पर शिकायतकर्ता तथा उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई, मारपीट करने का प्रयास किया गया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपितों ने उन्हें जमीन छोड़ने तथा अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. भय के माहौल के कारण शिकायतकर्ता को ट्रैक्टर लेकर वहां से हटना पड़ा.

बलिंदर मुंडा ने एससी/एसटी थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश तथा जातिसूचक अपमान बेहद गंभीर मामला है और प्रशासन को इस पर त्वरित संज्ञान लेना चाहिए.

ALSO READ: झारखंड में बकाया टैक्स विवादों के निपटारे के लिए नया कानून जल्द, सरकार ने मांगे सुझाव

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

इधर, इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है. शिकायतकर्ता और उनके समर्थकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *