Hazaribagh : जिले के कटकमदाग अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और दाखिल-खारिज मामलों में अनियमितता को लेकर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए, इस बीच लोगो ने अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में सड़क जाम कर दिया है. अंचलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.

“14 साल से खेती कर रहा हूं, जमीन दूसरे के नाम कर दी गई”
टावर पर चढ़े युवक की पहचान कटकमदाग निवासी विकाश कुमार के रूप में हुई है. विकाश का आरोप है कि वह पिछले लगभग 14 वर्षों से पांच एकड़ जमीन पर खेती-बाड़ी कर रहा है. इसके बावजूद संबंधित जमीन का दाखिल-खारिज किसी दूसरे व्यक्ति के नाम कर दिया गया. विकाश का कहना है कि उसने अपनी समस्या को लेकर कई बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाया, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला. उल्टा उसे पिछले छह महीनों से लगातार दौड़ाया जा रहा है. युवक का आरोप है कि अंचल कार्यालय में बिना पैसे और प्रभाव के कोई काम नहीं हो रहा है.
टावर से दी चेतावनी- “दाखिल-खारिज नहीं हुआ तो नीचे नहीं उतरूंगा”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विकाश कुमार मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगा. उसने स्पष्ट कहा कि जब तक अंचलाधिकारी उसकी जमीन के मामले में उचित कार्रवाई नहीं करेंगे और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया सही नहीं होगी, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा. युवक ने अंचलाधिकारी पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया और उसे न्याय दिलाने के बजाय कार्यालय के चक्कर कटवाए गए.
भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा अंचल प्रशासन
इस घटना ने एक बार फिर अंचल कार्यालयों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, भूमि विवादों और दाखिल-खारिज प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन संबंधी मामलों को लेकर लोगों को महीनों और वर्षों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. कई मामलों में बिचौलियों और भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आती रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों का निष्पादन किया जाता और पीड़ित की बात सुनी जाती, तो शायद स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती.
मौके पर पुलिस और प्रशासन, समझाने का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। टावर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
जनता के बीच चर्चा का विषय बनी घटना
कटकमदाग में यह घटना चर्चा का विषय बनी रही. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाने लगे. लोगों का कहना है कि यदि जमीन संबंधी मामलों का निष्पक्ष और समय निपटारा हो, तो आम लोगों को इस प्रकार के कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा.
Also Read : PM आवास योजना में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज, चयन समिति की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय
