RANCHI: झारखंड कैबिनेट मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए एक ऐसा सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है, जिसने पटना से लेकर रांची तक की राजनीति में हलचल मचा दी है.
बता दें, मंत्री इरफ़ान अंसारी ने न केवल सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं दीं, बल्कि अपनी पोस्ट के जरिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू पर भी तीखा हमला बोला है.
सम्राट चौधरी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए अंसारी ने इसे दोस्ती और दांव का नया मोड़ बताया. आगे उन्होंने लिखा कि जिस नीतीश कुमार को पिछले 20 सालों में कोई नहीं हिला पाया, सम्राट चौधरी ने “पगड़ी खोलते ही” उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया और उनके राजनीतिक रसूख को भी कमजोर कर दिया.
नफरत से ऊपर उठने की नसीहत
मंत्री इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार का “पॉलिटिकल मर्डर” कर दिया है और जदयू को समाप्ति की कगार पर पहुंचा दिया है. इतना ही नहीं उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह से जनादेश को नजरअंदाज कर यह बदलाव हुआ, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है.
बधाई के साथ-साथ अंसारी ने सम्राट को नसीहत भी दी और कहा कि वे जात-पात, नफरत और द्वेष से ऊपर उठकर ईमानदारी से जनता की सेवा करें.
अगले मोड़ पर मुलाकात का वादा
अंत में मंत्री उन्होंने लिखा, ‘किसी मोड़ पर हम जरूर मिलेंगे, दोस्त,’ जो भविष्य की संभावित राजनीतिक दिशा और दोनों के व्यक्तिगत रिश्तों की गहराई को दर्शाता है.”
