Hazaribagh:स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर आगामी जून माह को जिलेभर में “मलेरिया रोधी माह” के रूप में मनाया जाएगा. इस दौरान मलेरिया से बचाव, रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. मानसून की शुरुआत के साथ मच्छरों के बढ़ने और मलेरिया फैलने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है. अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना तथा सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना है.

“अब मलेरिया खत्म करना संभव, अब इसे खत्म करना जरूरी”
इस वर्ष “मलेरिया रोधी माह” की थीम “अब मलेरिया खत्म करना संभव है, अब इसे खत्म करना हमारी जिम्मेदारी है” निर्धारित की गई है. स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जनसहयोग और सतर्कता से मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है.
गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान
अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम गोष्ठी, रात्रि चौपाल, विद्यालय जागरूकता कार्यक्रम, रैली, प्रभातफेरी, दीवार लेखन, पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा. इसके अलावा विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर मलेरिया से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे.
जलजमाव रोकने और मच्छरदानी उपयोग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास जलजमाव न होने दें, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं. विभाग ने यह भी कहा है कि मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर समय पर इलाज कराना बेहद जरूरी है.
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों से इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि जिले को मलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके.
