Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

मानभूम छऊ और कुड़माली-नागपुरी झूमर की धूम, ममता महतो व उस्ताद सुचंद महतो ने बांधा समां

Seraikela : जिले के ईचागढ़ प्रखंड स्थित चोगा-आदरडीह गांव में आयोजित दो दिवसीय छऊ-झूमर उत्सव का समापन लोक संस्कृति और पारंपरिक कला...

Seraikela : जिले के ईचागढ़ प्रखंड स्थित चोगा-आदरडीह गांव में आयोजित दो दिवसीय छऊ-झूमर उत्सव का समापन लोक संस्कृति और पारंपरिक कला की शानदार प्रस्तुतियों के साथ हुआ. संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की सांस्कृतिक समारोह अनुदान योजना के तहत मानभूम सांस्कृतिक समिति आदरडीह की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कला प्रेमियों ने हिस्सा लिया.

ढोल-नगाड़ों पर थिरके दर्शक

उत्सव के अंतिम दिन मंच पर छऊ नृत्य और झूमर गीतों की ऐसी छटा बिखरी कि दर्शक देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे. पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया. ढोल, नगाड़ा, शहनाई और मांदर की थाप पर युवा-बुजुर्ग सभी झूमते नजर आए.

ममता महतो ने बांधा कुड़माली झूमर का समां

पश्चिम बंगाल के कोटशिला से पहुंची लोक गायिका ममता महतो ने कुड़माली झूमर प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी, उनके गीत “धनकटनी के दिन आ गेलो रे” पर महिलाएं भी मंच के सामने थिरकने लगीं.

उस्ताद सुचंद महतो का मानभूम छऊ

वहीं, ईचागढ़ के प्रसिद्ध छऊ गुरु उस्ताद सुचंद महतो और उनकी टीम ने मानभूम शैली के छऊ नृत्य का जीवंत प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा. मुखौटे, वेशभूषा और कलाकारों के शारीरिक संतुलन ने दर्शकों को हैरान कर दिया.

रांची के कलाकारों ने बिखेरा नागपुरी रंग

रांची से आए कलाकारों ने नागपुरी झूमर की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में अलग रंग भर दिया. “नदिया किनारे बाजे बांसुरिया” जैसे गीतों पर युवाओं की टोली झूमती रही.

स्थानीय कलाकारों को मिला मंच

स्थानीय कलाकारों ने भी पाइका, नाचनी और अहिरा नृत्य की प्रस्तुति दी. समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस उत्सव का मकसद विलुप्त हो रही लोक विधाओं को बचाना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना है. कार्यक्रम में ईचागढ़ की बीडीओ, जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. देर रात तक चले इस उत्सव के समापन पर कलाकारों को सम्मानित भी किया गया.

Alao Read : सरायकेला: खरसावां में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 1100 किलो जावा महुआ व 40 लीटर चुलाई शराब जब्त

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *