Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के साउथ ऑफिस पाड़ा स्थित समृद्धि कॉम्प्लेक्स निवासी 66 वर्षीय शाहिना खातून से सेना का जवान बनकर आशिष कुमार पहाड़ी (फर्जी नाम) ने मकान किराए पर लेने का झांसा देकर 2.99 लाख की ठगी कर ली. महिला ने इस संबंध में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी के अनुसार, शाहिना खातून और उनके पति ने अपना मकान किराए पर देने के लिए विज्ञापन दिया था. विज्ञापन देखने के बाद आरोपी ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताते हुए संपर्क किया और भरोसा जीतने के लिए व्हाट्सएप पर आधार कार्ड और पैन कार्ड की कॉपी भेजी.
आरोपी ने एडवांस किराया भेजने के बहाने से हासिल की OTP
इसके बाद आरोपी ने एडवांस किराया भेजने का बहाना बनाकर पीड़िता को फोनपे, गूगल पे और यूनियन बैंक के यूनियन ईज एप का इस्तेमाल करने के लिए कहा. बातचीत के दौरान उसने चालाकी से ओटीपी, सिक्योरिटी पिन और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर ली. इसके तुरंत बाद 28 जून 2026 की रात करीब 9:06 बजे पीड़िता के यूनियन बैंक खाते से आईएमपीएस के जरिए 2,99, 500 रुपये निकाल लिये.

साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज
जब दंपती को ठगी का एहसास हुआ तो आरोपी ने उन्हें गुमराह करने के लिए एक फर्जी एसएमएस भेजा, जिसमें राशि वापस खाते में आने का दावा किया गया. हालांकि बैंक खाते की जांच में यह दावा झूठा निकला. घटना के बाद पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी. इसके आधार पर साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है. साथ ही ठगी की राशि की रिकवरी के लिए लाभार्थी खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: रांची: 40 दिन के इलाज के बाद 16 लाख का बिल, राज अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, परिजनों का हंगामा


