Jamtara: जामताड़ा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 21वीं जामताड़ा जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन बुधवार को आउटडोर स्टेडियम, जामताड़ा में सफलतापूर्वक किया गया. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 सहित पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में 246 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि डीडी भंडारी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरन एवं सेंट एंथनी स्कूल के निदेशक चंचल भंडारी, जिला खेल समन्वयक जामताड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर अतिथियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
खेलों की आधारभूत संरचना बेहतर करने का भरोसा
मुख्य अतिथि डीडी भंडारी ने कहा कि एथलेटिक्स पूरे विश्व में प्रसिद्ध खेल है. खिलाड़ियों की व्यक्तिगत क्षमता, मेहनत एवं कौशल विकास के माध्यम से ही वे पदक हासिल कर सकते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं.
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरन ने कहा कि जामताड़ा में जल्द ही खेलों की आधारभूत संरचना को बेहतर करने की दिशा में कार्य किया जाएगा. खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा.
वहीं सेंट एंथनी स्कूल के निदेशक चंचल भंडारी ने कहा कि खेल और शिक्षा को साथ लेकर चलना जरूरी है. खेलों के माध्यम से बच्चे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं तथा बेहतर प्रदर्शन कर जिला और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन
जामताड़ा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सरोज यादव ने प्रतियोगिता की सफलता पर सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल संचालन में सभी की अहम भूमिका रही. मुख्य अतिथि द्वारा खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र वितरण किया गया. आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है और सभी चयनित खिलाड़ी अपनी तैयारी में जुट जाएं. उन्होंने बताया कि 21 एवं 22 अगस्त को धनबाद में आयोजित सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जामताड़ा के चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे.
प्रमुख परिणाम
1500 मीटर बालिका वर्ग
प्रथम – आस्थामा मुर्मू
द्वितीय – सावित्री टुडू
तृतीय – टोम्बर किस्कू
अंडर-18 बालक 100 मीटर
प्रथम – छोटू टुडू
द्वितीय – नावेद खान
तृतीय – बिष्णु राय
पुरुष वर्ग गोला फेंक
प्रथम – सुमित सिंह
द्वितीय – सुमित ओझा
तृतीय – रहमान अंसारी
अंडर-18 बालिका 200 मीटर
प्रथम – नीतू राज
द्वितीय – मधु कुमारी
तृतीय – लक्ष्मी कुमारी
अंडर-14 बालिका भाला फेंक
प्रथम – तोनी घोष – 16.03 मीटर
द्वितीय – रोशनी कुमारी – 15.30 मीटर
तृतीय – निशा कुमारी – 15.20 मीटर
प्रतियोगिता को सफल बनाने में सुस्मिता खां, सुनील ओझा, सुरेश मिस्त्री, सुमित झा सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला.
ALSO READ: बोकारो: उपायुक्त ने कहा लीडर का अर्थ सबसे आगे रहना नहीं, बल्कि सबसे पीछे खड़े व्यक्ति को आगे लाना है
