Jamtara: मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं. उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले के विभिन्न विभागों एवं संबंधित अधिकारियों को संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं झारखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार, रांची से प्राप्त सूचना के आलोक में अचानक बाढ़, नदियों में जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन, सड़क संपर्क बाधित होने, बिजली आपूर्ति एवं संचार नेटवर्क प्रभावित होने जैसी संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार रहने को कहा गया है. साथ ही आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने और बारिश के दौरान ‘क्या करें, क्या न करें’ की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: राज्य के 8 जिले सुखाड़ से प्रभावित, राहत देने के लिए सरकार ने तैयार किए कंटिंजेंसी प्लान
बिजली के पोल को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश
डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, पथ प्रमंडल, नगर पंचायत जामताड़ा एवं नगर परिषद मिहिजाम के संबंधित अधिकारियों को भारी बारिश से कच्चे मकानों के गिरने, पेड़ गिरने तथा सड़कों के अवरुद्ध या बह जाने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है. मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए कृषि, बागवानी फसलों एवं वृक्षारोपण को संभावित नुकसान से बचाने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने या गिरने की स्थिति में विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था शीघ्र बहाल करने के लिए टीम गठित कर युद्धस्तर पर कार्रवाई करने को कहा गया है.
24 घंटे कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने को कहा गया
कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल को लाधना, बिरग्राम, अजय नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. वहीं, आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता को संभावित जान-माल के नुकसान की स्थिति में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा को संभावित नुकसान को देखते हुए आम लोगों की सुविधा के लिए 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने को कहा है.
